मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य सरकार ने उत्तराखंड के वाहन स्वामियों को महत्वपूर्ण राहत प्रदान करते हुए पुराने (15 वर्ष) कमर्शियल वाहनों की फिटनेस फीस में वृद्धि को 01 जुलाई 2026 तक स्थगित कर दिया है। इस संबंध में परिवहन विभाग ने अधिसूचना जारी की, जिसे सचिव परिवहन श्री बृजेश कुमार संत द्वारा प्रकाशित किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा 15 वर्ष पुराने कमर्शियल वाहनों की फिटनेस फीस में 10 गुना तक की वृद्धि की गई थी। प्रदेश की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया कि उत्तराखंड के वाहन स्वामियों पर इसका तत्काल बोझ नहीं डाला जाएगा।
धामी ने कहा, “हमारी सरकार का संकल्प जनता को राहत देना और जनहित में त्वरित निर्णय लेना है। केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल वाहनों की फिटनेस फीस में वृद्धि को देखते हुए हमने इसे उत्तराखंड में एक वर्ष के लिए स्थगित किया है। इस अवधि में पूर्व निर्धारित फीस ही लागू रहेगी। हम नहीं चाहते कि प्रदेश के वाहन स्वामियों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों पर अचानक अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़े। आने वाले समय में केंद्र सरकार द्वारा किये जाने वाले पुनरीक्षण के अनुसार ही राज्य में नई दरें लागू की जाएंगी।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “हमारी सरकार जनता के लिए संवेदनशील है। गरीब, मध्यम वर्ग, टैक्सी व ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हजारों लोगों का हित सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है। जनहित के निर्णयों में हम किसी भी प्रकार की देरी नहीं होने देंगे।”






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik