नैनीताल के अंडा मार्केट क्षेत्र में तेज हवा के कारण एक विशाल अंगू का पेड़ गिर गया, जिससे तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सौभाग्य से कोई भी हताहत नहीं हुआ, लेकिन बिजली की लाइनें टूटने से इलाके में बिजली गुल हो गई और यातायात बाधित हो गया। वन विभाग और अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पेड़ को हटाया और यातायात को सुचारू किया।
शहर के अंडा मार्केट क्षेत्र में सुबह करीब दस बजे अचानक हवा के झोंके के बीच अंगू का विशालकाय पेड़ धराशाही हो गया। पेड़ ने सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि वहां खड़े वाहन चालक या कोई राहगीर पेड़ की चपेट में नहीं आया।
बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही और करीब एक घंटा मार्ग में यातायात ठप रहा। पेड़ की चपेट में आकर पंगोट निवासी लीलाधर, महेश चंद और सुनील सिंह के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलने के बाद वन निगम और अग्निशमन कर्मियों ने लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद पेड़ हटाकर यातायात सुचारू किया।






.jpeg)







