कपकोट में आयोजित पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। लैंडिंग के समय नियंत्रण खोने से दो पैराग्लाइडर नीचे गिर गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद प्रतियोगिता स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान टिहरी गढ़वाल निवासी रणजीत सिंह चौहान और नवीन परिहार के रूप में हुई है। रणजीत सिंह चौहान उत्तराखंड टीम की ओर से प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे थे। उड़ान के दौरान उनका प्रदर्शन बेहतर रहा, लेकिन लैंडिंग के अंतिम चरण में पैराग्लाइडर असंतुलित हो गया और वे जोर से जमीन पर गिर पड़े। इससे उनकी कमर में गंभीर चोट आई।
मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें कपकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
दूसरे घायल पायलट नवीन परिहार, जो वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य भी हैं, लैंडिंग के समय पैर के बल गिर पड़े, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों पायलटों की चोटें गंभीर हैं। बेहतर इलाज के लिए उन्हें आर्थोपेडिक विशेषज्ञ के पास रेफर किया गया है। स्थिति को देखते हुए दोनों को एयर एंबुलेंस (एयर हैली) के माध्यम से हायर सेंटर भेजा गया।
हादसे की सूचना पर विधायक सुरेश गढ़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले टिहरी झील में भी इसी तरह का हादसा सामने आया था, जहां उड़ान के दौरान एक पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर झील में गिर गया था। उस दौरान एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू कर पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला था।
लगातार सामने आ रहे हादसों के बाद उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik