ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 20, 2026 06:05 PM IST
  • Updated: February 20, 2026 06:06 PM IST
उत्तराखंड

सांसद अजय भट्ट का भवाली-कैंचीधाम दौरा: 39 करोड़ की पार्किंग और बाईपास का निरीक्षण।

भवाली/कैंचीधाम। कैंचीधाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कुमाऊं के पर्वतीय जिलों की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए आने वाले दिन बड़ी राहत भरे होने वाले हैं। शुक्रवार को नैनीताल-उधमसिंहनगर के सांसद अजय भट्ट ने क्षेत्र के विकास कार्यों की नब्ज टटोली। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट 'मानसखंड मंदिर माला मिशन' के तहत हो रहे कार्यों में कोई भी कोताही अक्षम्य होगी।

546 लाख का पुल और जाम का समाधान

सांसद ने सबसे पहले भवाली बाईपास पर नवनिर्मित पुल का निरीक्षण किया। करीब 546.75 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार यह पुल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था की लाइफलाइन बनेगा। उन्होंने कहा कि भवाली-रातिघाट बाईपास के पूरी तरह तैयार होने के बाद अल्मोड़ा हाईवे पर लगने वाले घंटों के जाम से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।

कैंचीधाम में 39 करोड़ की हाईटेक पार्किंग

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कैंचीधाम में 39 करोड़ रुपये की लागत से बन रही बहुमंजिला पार्किंग का कार्य अब निर्णायक मोड़ पर है। सांसद ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से एक-एक बिंदु पर जानकारी ली। उन्होंने कहा, "श्रद्धालु दूर-दराज से बाबा के दर्शन को आते हैं, उनकी सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। मानकों के साथ खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।"

बाबा के दर पर टेका मत्था

निरीक्षण के बाद अजय भट्ट कैंचीधाम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा नीम करौरी के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। सांसद के साथ उपजिलाधिकारी मोनिका और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सांसद की चेतावनी: "काम की गुणवत्ता और समयसीमा पर मेरी सीधी नजर है। केंद्र और राज्य सरकार का पैसा जनता की सुविधा के लिए है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं है।" — अजय भट्ट, सांसद

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×