हल्द्वानी। वार्ड नौ स्थित दुर्गा कालोनी नवाबी रोड निवासी छात्रा ने पीलिया के चलते दम तोड़ दिया। यही वही कालोनी है जहां लगभग एक महीने से लोग दूषित पानी आने का दावा कर रहे हैं।बरेली में इलाज के दौरान छात्रा की मौत और कालोनी में ही दो और बच्चों को पीलिया होने की खबर लगते ही जल संस्थान से लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम दौड़े-दौड़े कालोनी पहुंची और सैंपल लिए।
दरअसल दुर्गा कालोनी में अपनी बुआ के साथ रहने वाली गंगोलीहाट निवासी सुहानी पंत महिला महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह कुछ दिन पहले बीमार पड़ गई थीं। निजी लैब में जांच के बाद उन्हें पीलिया होने की पुष्टि हुई। इलाज में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया।तीन दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनकी मौत हो गई। सुहानी की बुआ की जेठानी खष्टी जोशी ने बताया कि इधर, दुर्गा कालोनी में दो और बच्चों को भी पीलिया हुआ है। कालोनी निवासी राजेश कटारिया का बेटा बेस अस्पताल से डिस्चार्ज हो गया है जबकि आशीष रौतेला को अपने बेटे का इलाज दिल्ली में कराना पड़ा। इसकी जानकारी मिलते ही गुरुवार को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस लोशाली, सहायक अभियंता रविंद्र कुमार, कनिष्ठ अभियंता दीपक शर्मा समेत अन्य दुर्गा कालोनी पहुंचे। उन्होंने मौके से जांच के लिए पानी के सैंपल लिए और पेयजल आपूर्ति रोक दी।घर पर लंबे समय से गंदा पानी आ रहा था। इस कारण वह बीमार पड़ गई। उन्होंने बताया कि सुहानी के परिवार वाले उनका शव लेकर गंगोलीहाट लेकर चले गए हैं।वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी ब्लाक डा. ममता सिंह के नेतृत्व में एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर सर्वेक्षण किया। इस दौरान 31 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में पेयजल के सैंपल लेकर क्लोरीनेशन की जांच की, जिसमें सभी सैंपल सही पाए गए। तीन सैंपल विस्तृत जांच के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजे गए।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik